भारत में चल रहे टीकाकरण अभियान में इस वक्त 2 टीको का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसमें से एक है भारत का स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सिन। देश में लगातार यह मांग उठ रही है की केंद्र सरकार दूसरी सक्षम कंपनियों को भी कोवैक्सिन बनाने की अनुमति प्रदान कर दे। जिससे देश में चल रही वैक्सीन किल्लत से निपटा जा सके, इसी कड़ी में केंद्र सरकार और हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक अन्य कंपनियों को आमंत्रित करने के लिए तैयार हैं, जो कोवैक्सिन का उत्पादन करने में मदद करना चाहते हैं। एक शीर्ष सरकारी सलाहकार ने यह जानकारी दी है।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा, “लोग कहते हैं कि कोवैक्सिन के निर्माण की जिम्मदेरी अन्य कंपनियों को भी दी जानी चाहिए। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि चर्चा के दौरान कोवैक्सिन निर्माण कंपनी (भारत बायोटेक) ने इसका स्वागत किया है।” डॉ. पॉल ने कहा “इस वैक्सीन की मदद से एक जीवित वायरस को निष्क्रिय कर दिया जाता है। यह केवल BSL3 (बायोसेफ्टी लेवल) प्रयोगशालाओं में ही तैयार किया जाता है। प्रत्येक कंपनी के पास यह नहीं है। वे कंपनियां जो कोवैक्सिन का निर्माण करना चाहती हैं हम उन्हें खुला निमंत्रण देते हैं। इसे एक साथ करना चाहिए। केंद्र सहायता करेगा ताकि क्षमता बढ़ाई जा सके।”
डॉ. पाल का बयान उस दिन आया जब केंद्र ने घोषणा करते हुए कहा कि इस साल अगस्त से दिसंबर के बीच कोरोना वायरस टीकों की 200 करोड़ से अधिक खुराक बनने की उम्मीद है। बता दें कि भारत जैसे बड़े देश में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार फिलहाल धीमी है, देश के कई राज्यों में टीकाकरण पर रोक तक लगा दी गयी है। इसका प्रमुख कारण है उत्पादन और डिमांड में काफी अंतर है। गुरुवार तक देश में केवल 3.82 करोड़ लोगों को टीके की दूसरी खुराक दी गई है। यह लगभग 135 करोड़ की आबादी का सिर्फ 2.8 प्रतिशत है।


Download Android App
Download iOS App



