प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर वार्ता की। इस दौरान उन्होंने 29 जनवरी को इजरायल के दूतावास पर हुए आतंकी हमले की निंदा की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस आतंकी घटना को अंजाम देने वालों को सजा दिलाने के लिए भारत अपने सारे संसाधनों को झोंक देगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक नेतन्याहू से वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आश्वस्त किया कि भारत इजरायली राजनयिकों और उनके परिसरों की सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व देता है। बाद में मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि नई दिल्ली में इजरायली दूतावास के बाहर हुए हमले की पूरी जांच होगी और दोषियों को दंडित किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बीच सुरक्षा के क्षेत्र में नजदीकी और अहम सहयोग जारी रहेगा। कोविड-19 के मद्देनजर स्वास्थ्य के क्षेत्र में आपसी सहयोग को लेकर भी हमने चर्चा की।’’
Our close and valuable security cooperation will continue. We also discussed our healthcare cooperation in the context of Covid-19.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 1, 2021
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आतंकी घटना के सिलसिले में दोनों देशों की जांच एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय पर दोनों नेताओं ने संतुष्टि जताई। दोनों नेताओं ने इस वार्ता के दौरान अपने-अपने देशों में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई की प्रगति पर चर्चा की और इस दिशा में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। दिल्ली के लुटियंस इलाके में औरंगजेब रोड पर स्थित इजरायली दूतावास के बाहर शुक्रवार की शाम कम तीव्रता का आईईडी विस्फोट हुआ था। धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन इसमें कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुई थीं।
धमाका उस समय समय हुआ था जब वहां से कुछ किलोमीटर दूर गणतंत्र दिवस समारोहों के समापन के तौर पर होने वाला ‘बीटिंग रीट्रिट’ कार्यक्रम चल रहा था जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री मोदी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



