भारतीय सेना ने पश्चिमी क्षेत्र में जमीनी अभियानों में मदद करने के लिए शुक्रवार को राजस्थान में अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर का अपना पहला स्क्वॉड्रन स्थापित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि स्क्वॉड्रन का गठन जोधपुर में किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सेना ने आज ‘आर्मी एविएशन कोर’ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अजय सूरी की उपस्थिति में अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर का अपना पहला स्क्वॉड्रन गठित किया।
दुश्मनों की उड़ेगी नींद
अधिकारी ने बताया कि स्क्वॉड्रन पश्चिमी क्षेत्र में जमीनी अभियानों के दौरान सहयोग करेगा। अधिकारियों ने बताया कि अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर की आपूर्ति मई में शुरू होने की उम्मीद है। अमेरिकी विमानन कंपनी बोइंग द्वारा निर्मित, अपाचे हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे उन्नत बहुउद्देश्यीय लड़ाकू हेलीकॉप्टर में से एक है और इसका इस्तेमाल स्वयं अमेरिकी सेना भी करती है। भारतीय वायु सेना के पास पहले से ही इन लड़ाकू हेलीकाप्टर का एक बेड़ा है।


Download Android App
Download iOS App



