विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि नेपाल में बस दुर्घटना में मारे गए दो भारतीयों के शवों को वापस लाने की कोशिश की जा रही है और घायल हुए श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा रही है।
गौरतलब है कि नेपाल के रौतहट जिले में आज एक ट्रक ने यात्री बस को टक्कर मार दी जिसमें 60 भारतीय श्रद्धालु सवार थे। घटना में दो भारतीय श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गयी और 21 अन्य भारतीय श्रद्धालु घायल हो गये।
जयशंकर ने ट्वीट किया है, श्रीमान जेना और श्रीमान बिस्वाल के परिजनों के प्रति संवेदनाएं। नेपाल में आज हुई दुर्घटना में दोनों की मृत्यु हो गई। बीरगंज से हमारे अधिकारी अस्पताल में मौजूद हैं, घायलों के इलाज पर नजर रख रहे हैं और उनके परिवारों की मदद कर रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के ट्वीट पर जवाब देते हुए विदेश मंत्री ने लिखा, बीरगंज से एक और टीम शवों को वापस भेजने की कोशिशों में जुटी है। हम आपको सूचना देते रहेंगे।
प्रधान ने ट्वीट किया था, पुरी और खोर्धा के श्रद्धालुओं की बस के नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलने के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात की। हर संभव मदद का अनुरोध किया।


Download Android App
Download iOS App



