एयरलाइंस कंपनी इंडिगो के विमानों ने थाईलैंड, चीन, कतर, हांगकांग और सिंगापुर से 2,717 ऑक्सीजन सांद्रकों की ढुलाई की है। इंडिगो ने बुधवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक देश में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी घातक लहर के बीच इंडिगो के विमानों ने अब तक विदेश और देश के भीतर 72,461 किलोग्राम वजन के 4,142 ऑक्सीजन सांद्रकों की ढुलाई की है।
दरअसल, भारत इस समय कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी भयावह लहर का सामना कर रहा है जिसके कारण देश के कई राज्यों में दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों, बिस्तरों और ऑक्सीजन की भारी कमी हो रही है। इंडिगो की ओर से जारी वक्तव्य के मुताबिक थाईलैंड, चीन, कतर, हांगकांग और सिंगापुर से कम से कम 2,717 ऑक्सीजन सांद्रकों की ढुलाई की गयी है जिनमें से 1,425 ऑक्सीजन सांद्रक देश के 36 हवाई अड्डों पर पहुंचाए गए हैं।
देश में आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की कमी को पूरा करने के लिए इंडिगो की ओर से कई उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में एक दिन में कोविड-19 से रिकार्ड 3780 लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 3,82,315 नये मामले सामने आये हैं। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या पहले ही दो करोड़ का आंकड़ा पार कर गयी है।


Download Android App
Download iOS App



