इंदौर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। इंदौर में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। बुधवार को गश्ती दल ने स्कीम नंबर 51 में लेशा मैरिज गार्डन की पार्किंग क्षेत्र में दो युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। उनके पास से 14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम पंद्रह बटालियन होते हुए गश्त व चेकिंग के दौरान लेशा मैरिज गार्डन की पार्किंग पहुंची। वहां एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए, जो पुलिस बल को देखकर हड़बड़ाने लगे। बताया गया है कि संदेहास्पद स्थिति प्रतीत होने पर टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राहुल उर्फ यशु देसाई एवं अभिषेक उर्फ बाबा सोलंकी बताए।
मोटरसाइकिल की विधिवत तलाशी लेने पर उसके टूल बॉक्स में रखा 14 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुआ। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना अपराध शाखा इंदौर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों से अवैध मादक पदार्थों के स्रोत, खरीदार एवं सप्लायर नेटवर्क के संबंध में सघन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल उर्फ यशु देसाई मल्हारगंज थाना क्षेत्र का निवासी है, 8वीं तक शिक्षित है तथा प्राइवेट कंपनी की कैन्टीन का कार्य करता है। वहीं, दूसरा आरोपी अभिषेक उर्फ बाबा सोलंकी बाणगंगा क्षेत्र का रहने वाला है, 7वीं तक शिक्षित है तथा मिठाई के डिब्बों पर लेमिनेशन का कार्य करता है । राहुल के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं । इनके पास से डेढ़ लाख की ब्राउन शुगर और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 90 हजार की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी बताया गया है कि क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा एक जनवरी 2026 से 30 सितंबर तक एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 73 प्रकरणों में 160 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उक्त कार्यवाहियों के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3.065 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 28.338 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 372.22 ग्राम ब्राउन शुगर एवं 10 ग्राम कोकीन सहित लगभग 3 करोड़ 93 लाख लाख 6,000 मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं।
–आईएएनएस
एसएनपी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



