लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए सरकार बनाने जा रही है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव के इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तंज कसा।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में आधे लोग एक तरफ हैं और आधे दूसरी तरफ, और उनके बीच आपस में ही जबरदस्त खींचतान चल रही है। अब इसका कोई मतलब या अहमियत नहीं रह गई है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है और 2027 में यूपी में एक बार फिर भारी बहुमत के साथ भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।
चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बहुत नॉन-पॉलिटिकल स्टेटमेंट और नॉन-पॉलिटिकल एक्शन है। चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन करना, सीबीआई-ईडी के खिलाफ आवाज उठाना, संविधान, संसद और न्यायालय पर सवाल खड़े करना, ये भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है। कांग्रेस पार्टी लगातार होने वाली हार का ठीकरा आयोग पर फोड़कर जनता को गुमराह करने वाली है। इसलिए राहुल गांधी का कदम भारत और भारत के लोकतंत्र के लिए बहुत घातक है, जिसका खामियाजा इंडिया गठबंधन और राहुल गांधी लंबे समय से भुगत रहे हैं।
उन्होंने इंडिया ब्लॉक की बैठक पर कहा कि इंडी गठबंधन अस्तित्व के संकट से जूझ रहा है। सपा का इंडी बैठक में शामिल न होना गठबंधन के प्रति अविश्वसनीयता का प्रमाण है। इंडी गठबंधन केवल रस्म अदायगी तक सीमित रह गया है। जब भी विधानसभा और पार्लियामेंट के चुनाव होते हैं, इंडी गठबंधन के सभी अधिकांश घटक दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं और गठबंधन के धर्म को नहीं निभाते आते हैं। इसलिए देश में भी और देश के प्रांतों में भी एनडीए लगातार मजबूती बनाए हुए है और देश-प्रदेश में सरकारें बनाकर एक बेहतर विकल्प देश के सामने पेश कर रहा है।
अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को सबसे पहले पीडीए की परिभाषा जनता के बीच में बताना चाहिए। एक राज्यसभा सीट उन्होंने अपने चाचा को दिया, तो दूसरी राज्यसभा पैसे वाले शख्स को दिया। उन्होंने परिवार और पैसे वाले को राज्यसभा सीट देकर पीडीए के लोगों के अरमानों को कुचलने का काम किया, उनकी इच्छाओं को मिटाने का काम किया। इससे साफ होता है कि उनके लिए परिवार और पैसा ही पीडीए है।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



