जनसेवा केंद्र में 80 हजार रुपए की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

Summary :

ग्रेटर नोएडा, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाने की पुलिस ने मलकपुर गांव स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 46,250 रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमकार पुत्र बिजेंद्र निवासी एफएम-137, कांशीराम कॉलोनी, सेक्टर ज्यू-2, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है। पुलिस अब उसके साथी मोनू की…

ग्रेटर नोएडा, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाने की पुलिस ने मलकपुर गांव स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 46,250 रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमकार पुत्र बिजेंद्र निवासी एफएम-137, कांशीराम कॉलोनी, सेक्टर ज्यू-2, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष है। पुलिस अब उसके साथी मोनू की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को दोपहर के समय मलकपुर गांव में स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र पर दो नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। बदमाशों ने हथियार के बल पर जनसेवा केंद्र में मौजूद कर्मचारी को डराया-धमकाया और गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद सूरजपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी ओमकार के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को आईटीबीपी के सामने सर्विस रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वारदात से पहले जनसेवा केंद्र पर किसी काम से गया था। इसी दौरान उसने दुकान के मालिक को गल्ले में रुपए रखते हुए देख लिया था। इसके बाद उसने अपने साथी मोनू को इसकी जानकारी दी। दोनों ने जनसेवा केंद्र में लूट की योजना बनाई। 13 अगस्त को जब केंद्र का मालिक किसी काम से बाहर चला गया और दुकान पर उसका नौकर मौजूद था, तब दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे।

दोनों ने हेलमेट लगा रखा था और अपनी शर्ट के ऊपर दूसरी शर्ट पहन रखी थी, ताकि पहचान छिपाई जा सके। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को धमकाया और गल्ले में रखे 80 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांव मलकपुर से आगे निकलकर पुस्ता की तरफ जंगल के रास्ते भागे थे। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि लूट की रकम में से 60 हजार रुपए उसने अपने पास रखे थे, जबकि 20 हजार रुपए अपने साथी मोनू को दे दिए थे। पुलिस ने आरोपी ओमकार के कब्जे से 46,250 रुपए बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दादरी, नोएडा सेक्टर-20 और दनकौर थानों में चोरी, अवैध शराब, हथियार रखने और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके साथी मोनू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.