सपा सांसद जया बच्चन ने मंगलवार को राज्यसभा में बॉलीवुड की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि बॉलीवुड को अपना समर्थन दें क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम करने की साजिश चल रही है। उन्होंने राज्यसभा में शून्य काल में बॉलीवुड में ड्रग्स केस को उठाने की मांग की थी।
सपा सांसद ने कहा कि “जिन लोगों ने फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम बनाया है उन्होंने इसे गटर बुलाया, मैं पूरी तरह इससे असहमत हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि सरकार इन लोगों को बताए जिन्होंने इससे अपना नाम और प्रसिद्धि कमाई कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना बंद करें।”
जया बच्चन ने कहा कि “मैं बहुत शर्मिंदा थी कि कल हमारे एक सांसद ने लोकसभा में फिल्म इंडस्ट्री के खिलाफ बोला, जो खुद इंडस्ट्री से हैं। ये शर्म की बात है, ‘जिस थाली में खाते हैं उसमें छेद करते हैं।’ गलत बात है, इंडस्ट्री को सरकार का समर्थन चाहिए।”
गौरतलब है कि भाजपा सांसद एवं अभिनेता रवि किशन ने पड़ोसी देशों से मादक पदार्थों (ड्रग) की तस्करी और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों द्वारा इसके सेवन के संबंध में मादक द्रव्य नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा की जा रही जांच का मुद्दा सोमवार को लोकसभा में उठाया तथा इस दिशा में कड़ी कार्रवाई की मांग की। रवि किशन ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया और कहा कि पाकिस्तान एवं चीन से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है तथा यह देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि हमारे फिल्म उद्योग में इसकी पैठ हो चुकी है और एनसीबी इसकी जांच कर रही है। गोरखपुर से भाजपा सांसद ने कहा ‘‘ मेरी मांग है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए और चीन तथा पाकिस्तान की साजिश पर रोक लगाई जाए।’’
उल्लेखनीय है कि मादक पदार्थों के सेवन से जुड़े मामले में एनसीबी ने कुछ दिनों पहले अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया है। सदन में कांग्रेस के डीन कुरियाकोस ने केरल में भूस्खलन से हुए जानमान के नुकसान का मुद्दा उठाया और कहा कि सरकार को प्रभावितों के लिए राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



