एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लाभ से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 से अधिक अंक चढ़ गया। सकारात्मक वैश्विक रुख तथा विदेशी कोषों के प्रवाह से भी बाजार धारणा मजबूत हुई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 212.87 अंक या 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,969.50 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 60.30 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,500.35 अंक पर था।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन का शेयर सबसे अधिक करीब दो प्रतिशत चढ़ गया। सन फार्मा, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी लाभ में थे।
वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, कोटक बैंक, आईटीसी और भारती एयरटेल के शेयर नुकसान में थे। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 97.92 अंक या 0.25 प्रतिशत के नुकसान से 38,756.63 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी भी 24.40 अंक या 0.21 प्रतिशत के नुकसान से 11,440.05 अंक रहा था।


Download Android App
Download iOS App



