झारखंड: बोकारो में बर्ड फ्लू की पुष्टि, पूरे राज्य में अलर्ट जारी

Summary :

झारखंड में बर्ड फ्लू का खतरा, पोल्ट्री प्रोडक्ट पर रोक

झारखंड के बोकारो में बर्ड फ्लू से मुर्गियों की मौत की पुष्टि होने के बाद पशुपालन विभाग ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में मुर्गियों और सभी तरह के पोल्ट्री प्रोडक्ट की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।पशुपालन विभाग ने असाधारण रूप से पक्षियों की मौत होने पर इसकी सूचना राज्य मुख्यालय को तुरंत देने का निर्देश दिया है। दूसरे राज्यों से आने वाले पोल्ट्री प्रोडक्ट और प्रवासी पक्षियों पर निगरानी के लिए सभी जिलों के पशुपालन पदाधिकारियों को अलर्ट किया गया है।

बताया गया है कि बोकारो स्थित राजकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में 20 फरवरी से ही मुर्गियों की मौत हो रही थी। इनके सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए थे। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।

इसकी जानकारी मिलने पर केंद्र सरकार ने भी राज्य की सरकार को स्थिति पर निगरानी रखते हुए तमाम एहतियाती उपाय करने को कहा है। बोकारो की उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर रैपिड रिस्पांस टीम और क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है। रैपिड रिस्पांस टीम ने रविवार को प्रभावित पॉल्ट्री फॉर्म का दौरा किया और बर्ड फ्लू का प्रसार रोकने के लिए किए गए उपायों की जानकारी ली।

बोकारो के जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज मणि ने रविवार को बताया कि संक्रमित प्रक्षेत्र में मुर्गियों को मारने और उन्हें निष्पादित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फार्म में जिन बर्तनों में पक्षियों का खाना दिया जाता था और जिन प्लेटफॉर्म पर पक्षी बैठते थे, उन्हें जला दिया गया है। एक माह पहले रांची के बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित वेटनरी कॉलेज के पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू से चाइनीज नस्ल वाली गिनी पाउल पक्षियों की मौत हुई थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.