अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में मोहम्मद अली जिन्ना की एक तस्वीर को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा ने आज स्पष्ट किया कि जिन्ना हिन्दू, मुसलमानों समेत किसी भारतीय का आदर्श नहीं हो सकते है और इस बारे में विवाद पर विराम लगाया जाना चाहिए।
भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने यहां कहा, ‘‘ देश के बंटवारे के लिये मो. अनी जिन्ना जिम्मेदार है, बंटवारे के बाद हजारों की संख्या में लोग मारे गए, इसके लिये भी जिन्ना जिम्मेदार है। जिन्ना देश में हिन्दू, मुसलमान सहित किसी भी भारतीय के आदर्श नहीं हो सकते है। कोई जिन्ना को पसंद नहीं करता है।’’
एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के विषय पर उन्होंने सवाल किया कि क्या यूरोप में हिटलर की तस्वीर लगायी जा सकती है ? उन्होंने कहा कि भारत के बंटवारे के बाद कई चीजे बंटी और ऐसे में अगर एएमयू में जिन्ना की तस्वीर थी, तब उसे पाकिस्तानी उच्चायोग को सौंपी जा सकती थी ।
हुसैन ने कहा कि भाजपा चाहती है कि एएमयू में बच्चे पढ़े, परीक्षा दें, तरक्की करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के आदर्श मौलाना अबुल कलाम आजाद, ए पी जे अब्दुल कलाम, विस्मिल्ला खां, अशफाकुल्ला खां हैं, जिन्ना भारतीयों के आदर्श नहीं हो सकते।
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि एएमयू के प्रशासन और छात्रों को ‘बेवजह का विवाद’ खत्म करना चाहिए क्योंकि पाकिस्तान के संस्थापक न तो भारत के आदर्श हैं और न ही भारतीय मुसलमानों के आदर्श हैं।
नकवी ने कहा ‘‘ इस बात को यहीं खत्म करना चाहिए और विश्वविद्यालय की गरिमा का सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।’’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



