भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने वाले राज्य लोगों को गुमराह कर रहे हैं क्योंकि नागरिकता केंद्र के दायरे में आती है। केरल विधानसभा ने सीएए के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया है और इस विवादास्पद कानून को निरस्त करने की मांग की है।
नड्डा ने यहां कहा, ‘‘ कुछ राज्य सीएए के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर रहे हैं। नागरिकता केंद्र सरकार के अंतर्गत आने वाला विषय है और यह कानून केंद्र ने पारित किया है जिस पर राष्ट्रपति ने दस्तखत किये हैं।’’ उन्होंने यहां भाजपा के ‘सीएए जनजागरण सम्मेलन’ में कहा, ‘‘‘ इसे लागू किया गया है और लाभार्थियों को नागरिकता मिलेगी।
आपको (सीएए का विरोध करने वाली राज्य सरकारें) लोगों को गुमराह करना बंद देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ आप कांग्रेस को तथ्य बता सकते हैं लेकिन वह सच्चाई को समझने की स्थिति में नहीं है। हम केवल तभी उसकी व्याख्या कर सकते हैं जब वह उसे समझे, लेकिन यदि तेज होने के बाद भी वह समझना नहीं चाहती है तो हम कुछ नहीं कर सकते।’’
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीएए के बारे में कुछ भी नहीं पता है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं कांग्रेस से पूछना चाहूंगा कि क्यों उसके नेता (सीएए के खिलाफ) प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा नहीं करते, जबकि उस हिंसा में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। सभी की मिलीभगत है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस कानून के 80 फीसद लाभार्थी दलित होंगे।


Download Android App
Download iOS App



