जेपी नड्डा ने पिथौरागढ़ में आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए

Summary :

आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर धन्य हुए नड्डा

जेपी नड्डा ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। उन्होंने सीमा पर तैनात आईटीबीपी और एसएसबी जवानों से मुलाकात कर उनके साहस की सराहना की। नड्डा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह हमारे जवानों की कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने रविवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने भारत-चीन और नेपाल सीमा पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले सीमा पर तैनात जवानों के साथ संवाद किया और क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए सेना और अर्धसैनिक बलों की सराहना की। नड्डा ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हमारे जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस का प्रतीक है। मैं व्यक्तिगत रूप से और देश की जनता की ओर से इस अभियान की सफलता के लिए सेना को धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने जवानों के त्याग, बलिदान और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरा देश उनके प्रति कृतज्ञ है और उनकी वीरता पर गर्व करता है।

पाक विदेश मंत्री ने की जयशंकर को पत्र लिख ‘‘सभी अहम मुद्दों’’ पर बातचीत की पेशकश

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज पिथौरागढ़, उत्तराखंड में हिमालय की गोद में स्थित अध्यात्म और संस्कृति की पवित्र स्थली आदि-कैलाश के पावन दर्शन कर धन्य हुआ। इस दौरान राष्ट्र की रक्षा में प्रतिपल कर्तव्यनिष्ठ हमारे वीर जवानों से भेंट कर उनके साहस, शौर्य व उत्साह के साक्षी बनने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। अलौकिक सौंदर्य और आस्था के केंद्रों से परिपूर्ण, व्यास घाटी में स्थित ऊं पर्वत समेत सभी पावन स्थल हमारी सनातन संस्कृति की पहचान और समग्र विश्व में करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का केन्द्र हैं।”

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की ओर से जेपी नड्डा को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत चल रही योजनाओं और सीमा क्षेत्रों से संबंधित जानकारी साझा की। इस दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी मौजूद रहे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.