लखनऊ: गर्मी में बिजली की मांग बढ़ी, ऊर्जा मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

Summary :

बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भीषण गर्मी में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए लखनऊ में विद्युत उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए और ट्रांसफॉर्मर की रिपेयरिंग पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

भीषण गर्मी में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया है। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वह विद्युत उपकेंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने लखनऊ में तपती गर्मी में बढ़ती बिजली की मांग, विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण उपकेंद्र और उपकरणों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 33/11 के.वी. विद्युत उपकेंद्र सीजी सीटी का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने उपकेंद्र का निरीक्षण करने के साथ-साथ वहां अधिकारियों से अनुरक्षण, सुदृढ़ीकरण और इस गर्मी में अपनाए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों का जायजा लिया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर की रिपेयरिंग और रिप्लेसमेंट कार्य का भी निरीक्षण किया। शर्मा ने निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र और विद्युत आपूर्ति से संबंधित दस्तावेजों का बारीकी से अध्ययन किया।

उत्तर प्रदेश में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, ISI के लिए करता था काम

निरीक्षण में मिली खामियों को लेकर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों के साथ-साथ यूपीपीएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक को भी निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक ही फीडर पर अनुरक्षण या रिपेयरिंग के बहाने बार-बार शटडाउन लिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य एक ही बार में किए जाएं ताकि बार-बार शटडाउन से बचा जा सके।

उन्होंने अनुरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात की ताकि फ्यूज या ट्रांसफॉर्मर जलने की स्थिति न बने, और यदि ऐसा हो, तो ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र बदलने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस भीषण गर्मी में निरंतर सजग और संवेदनशील रहते हुए आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने की हिदायत दी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.