जेएसएसएच भर्ती 2026: सीनियर रेजिडेंट के 70 पदों पर आवेदन शुरू, इस दिन इंटरव्यू

Summary :

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिल्ली स्थित जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (जेएसएसएच) ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 70 पदों को नियमित आधार पर भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं। जेएसएसएच की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 70 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें एनेस्थीसिया में 10, बायोकेमिस्ट्री में 2, कार्डियोलॉजी में 2, सीटीवीएस में 4, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में 8, जीआई सर्जरी में 4, माइक्रोबायोलॉजी में 3, नेफ्रोलॉजी में 8, न्यूरोलॉजी में 8, न्यूरो सर्जरी…

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिल्ली स्थित जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (जेएसएसएच) ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 70 पदों को नियमित आधार पर भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।

जेएसएसएच की ओर से अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 70 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें एनेस्थीसिया में 10, बायोकेमिस्ट्री में 2, कार्डियोलॉजी में 2, सीटीवीएस में 4, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में 8, जीआई सर्जरी में 4, माइक्रोबायोलॉजी में 3, नेफ्रोलॉजी में 8, न्यूरोलॉजी में 8, न्यूरो सर्जरी में 4, न्यूक्लियर मेडिसिन में 2, ऑन्कोलॉजी में 2, पैथोलॉजी में 4, रेडियोलॉजी में 5 और यूरोलॉजी में 4 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एनेस्थीसिया, साइटोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी के लिए संबंधित विशेषज्ञता में एमबीबीएस के साथ पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/एमएस)/डिप्लोमा/डीएनबी होना चाहिए। हालांकि, यदि पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा/डीएनबी वाले उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो ऐसे उम्मीदवारों पर एडहॉक आधार पर विचार किया जाएगा, जिनके पास एमबीबीएस के बाद तीन वर्ष का अनुभव हो, जिसमें से कम से कम एक वर्ष का अनुभव संबंधित विशेषज्ञता में होना चाहिए।

वहीं, सुपर स्पेशलिटी (कार्डियोलॉजी, सीटीवीएस, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलॉजी) के लिए मेडिसिन/सर्जरी में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/एमएस)/डीएनबी और साथ ही संबंधित सुपर स्पेशलिटी में डिग्री (डीएम/एमसीएच)/डीआरएनबी/फेलोशिप होनी चाहिए। हालांकि, यदि संबंधित सुपर स्पेशलिटी में डिग्री/डीआरएनबी/फेलोशिप वाले उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो मेडिसिन/सर्जरी में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डीएनबी वाले ऐसे उम्मीदवारों पर एडहॉक आधार पर विचार किया जाएगा, जिनके पास संबंधित सुपर स्पेशलिटी में कम से कम एक वर्ष का अनुभव हो।

आवेदकों की अधिकतम आयु बायो-केमिस्ट्री, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विभागों में सभी श्रेणियों के लिए अधिकतम 50 वर्ष और अन्य विभागों के लिए 45 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, स्क्रीनिंग लिखित परीक्षा (यदि आवश्यक हो), इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू 22 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे से ‘बोर्ड रूम, एमएस ऑफिस, पहली मंजिल, जेएसएसएच’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होगे, उन्हें अपने संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ तय समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो अनारक्षित के लिए 1,000 रुपए और ओबीसी/एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जेएसएसएच की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘निदेशक, प्रशासनिक ब्लॉक, पहली मंजिल, जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सी-2बी, जनकपुरी, नई दिल्ली – 110058’ में स्पीड पोस्ट या अन्य माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पहुंचा दें।

–आईएएनएस

डीके/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.