पुराने वाहनों को कबाड़ करने में रूचि रखने वाले ग्राहकों के लिए एक खुशखबरी है। अब वे ऐसा करने पर नयी वाहनों की खरीद पर करीब पांच प्रतिशत तक की छूट पा सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को यह बात कही।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा, ‘‘पुराने वाहनों को कबाड़ करने के एवज में वाहन कंपनियां ग्राहकों को नए वाहन की खरीद पर करीब पांच प्रतिशत की छूट देंगी।’’ वाहनों को स्वेच्छा से कबाड़ करने की नीति की घोषणा 2021-22 के केंद्रीय बजट में की गयी है।

गडकरी ने कहा, ‘‘इस नीति के चार प्रमुख घटक हैं। छूट के अलावा, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर ग्रीन टैक्स और अन्य शुल्क के प्रावधान हैं। उन्हें स्वचालित सुविधाओं में अनिवार्य फिटनेस और प्रदूषण परीक्षणों से गुजरना होगा। इसके लिए देश में स्वचालित फिटनेस सेंटर की आवश्यकता होगी और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि स्वचालित फिटनेस परीक्षण सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड के तहत किए जाएंगे, जबकि सरकार निजी भागीदारों और राज्य सरकारों को वाहनों को कबाड़ करने वाले संयंत्र लगाने में सहायता करेगी। मंत्री ने कहा कि जो वाहन स्वचालित परीक्षण पास नहीं कर पायेंगे, उन्हें चलाने पर दंड लगेगा।
उन्होंने कहा कि यह नीति वाहन क्षेत्र के लिए एक वरदान साबित होने जा रही है। यह वाहन उद्योग को सबसे अधिक लाभकारी क्षेत्रों में से एक बना रही है, जिससे बहुत से रोजगार पैदा होंगे।


Download Android App
Download iOS App



