पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले एक सियासी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हमेशा अपने घर जैसा महसूस किया है। दूसरी तरफ, उनके एक सहयोगी ने बताया कि गंभीर बंगाल चुनाव के लिेए पार्टी के प्रचार अभियान में 22 मार्च से शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि वह राज्य में विधानसभा चुनाव के सभी आठ चरणों में प्रचार करने के साथ-साथ असम विधानसभा चुनाव के तीन चरणों के लिए भी प्रचार करेंगे।
यह दिल्ली के बाहर भाजपा के लिए गंभीर का पहला पूर्ण चुनाव अभियान होगा। इससे पहले उन्होंने पिछले साल हरियाणा विधानसभा चुनाव में पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के लिए प्रचार किया था। गंभीर ने कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी पर ‘‘दुख और निराशा’’ हुई कि भाजपा ‘‘बाहरी लोगों’’ की पार्टी है और राज्य में इसका कोई स्थान नहीं है।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘‘मैंने खुद को हमेशा इस विशाल और खुशहाल परिवार के एक हिस्से की तरह महसूस किया है जिसने मुझे हर बार राज्य का दौरा करने पर प्यार और आशीर्वाद दिया है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दशकों से वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस द्वारा धमकी और हिंसा को आम बात बना दिया गया है और यह अब बंगाल की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गया है?’’ भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में विपक्ष को चुप कराने के लिए सत्ता पक्ष किसी भी हद तक जाने को तैयार है।


Download Android App
Download iOS App



