सिर्फ डुबकी लगाने से मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती : श्री श्री रविशंकर

Summary :

महाकुंभ में मोक्ष पाने का सही तरीका ज्ञान है: श्री श्री रविशंकर

श्री श्री रविशंकर मंगलवार को हरियाणा के जींद में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर अपनी बातें रखी। श्री श्री रविशंकर ने महाकुंभ को लेकर कहा, “महाकुंभ में सिर्फ डुबकी लगाने से मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती है। सही मायने में मोक्ष की प्राप्ति ज्ञान से होती है। संगम में डुबकी लगाने के लिए ज्ञानी, महात्मा और साधु आए हैं। वहां जाकर उनकी बातों को सुनें, तो निश्चित तौर पर आपको मोक्ष की प्राप्ति होगी।” उन्होंने कहा, “आपको ऐसा लगता है कि सिर्फ डुबकी लगाने से मोक्ष की प्राप्ति होगी, तो यह आपकी गलतफहमी है।”

विपक्ष के भाजपा पर महाकुंभ को इवेंट के रूप में प्रस्तुत करने के आरोप पर श्री श्री रविशंकर ने कहा, “जब भी इस तरह का आयोजन किया जाता है, तो लोग इसे लेकर सवाल उठाते ही हैं।” उन्होंने महाकुंभ की व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि व्यवस्था काफी अच्छी है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। उन्होंने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के संदर्भ में कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। यह बहुत दुखद घटना है। देश में जब कभी भी, कहीं पर भी इस तरह की भगदड़ होती है, तो बहुत दुख होता है। इस तरह की घटनाओं के बारे में जानकर बहुत पीड़ा होती है।

श्री श्री रविशंकर ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में खापों को यह संदेश दिया कि वे अपने-अपने गांवों में नशा मुक्ति का संदेश दें और जो युवा नशे के इस दलदल में फंसे हुए हैं, उन्हें बचाएं। मेरा यही कहना है कि युवा नशे से दूर रहें। यह बहुत तेजी से उनके बीच में फैल रहा है, जिससे उनका भविष्य अधंकारमय हो रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.