Jyotiraditya Scindia on Extreme Heat: पूरे भारत में गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। आलम ये है कि अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी झेलनी पड़ रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हीटवेव से बचने का गजब नुस्खा निकाला है। सिंधिया ने एक वीडियो शेयर किया है, जहां उन्होंने भीषण गर्मी से बचने का आसान तरीका खोज निकाला है। उन्होंने कहा कि “AC की जरूरत नहीं है। मैं अपनी कार या ऑफिस में AC नहीं चलाता। मई-जून की 51 डिग्री वाली गर्मी में भी मैं ऐसे ही रहता हूं।” आइए जानते हैं, केंद्रीय मंत्री के पास क्या है इस गर्मी से बचने का फॉर्मुला…
सिंधिया ने बताया भीषण गर्मी से बचने का उपाय
रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक जनसभा में बोलते हुए सिंधिया ने कहा कि जब तापमान 50 डिग्री से ऊपर चला जाता है, तो गर्मी से निपटने के लिए मैं अपनी ‘चंबल की त्वचा’ पर भरोसा करता हूं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 1 मिनट 23 सेकेंड का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि अगर आप अपनी जेब में प्याज रखकर बाहर निकलेंगे, तो प्रचंड गर्मी का सामना आसानी से कर लेंगे। अपनी बात को साबित करने के लिए उन्होंने खुद अपनी जेब से एक प्याज निकालकर वहां मौजूद लोगों को दिखाया।
’51 डिग्री तापमान में भी जेब में प्याज रखकर निकल पड़ो…’
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि आज के जमाने में हर कोई डिब्बे लेकर घूम रहा हैं, संचार मंत्री प्याज लेकर घूम रहे हैं। ये पुरानी चीजें हैं, जैसे-जैसे आयुर्वेद आगे बढ़ रहा है, हमें इन बातों को भूलना नहीं चाहिए।” तापमान 51 डिग्री भी हो जाएं, तो सिर पर पट्टा बांधो और प्याज लेकर निकल पड़ो और सब भगवान पर छोड़ दो। सिंधिया ने आगे कहा कि हमेशा जमीन से जुड़ा होना चाहिए, आपका हमारा रिश्ता ऐसा ही है।
पूरे भारत में लू का कहर
मौसम विभाग के मुताबिक, ज्यादातर इलाकों में इस समय अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। कुछ इलाकों में तापमान अपने चरम पर पहुंच गया है। कई इलाकों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है और दिन में लोगों को बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भीषण लू की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।























