भोपाल : लगातार छह महीने से लगातार नर्मदा परिक्रमा पर रहते हुए राजनीतिक बातों से तौबा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव में एक बार फिर मुखर नजर आए। विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सार्वजनिक तौर पर बयान देते हुए यह मांग कर डाली कि कांग्रेस को यदि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतना है तो कमलनाथ को तत्काल सीएम प्रोजेक्ट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस बारे में पार्टी हाईकमान को वेट एण्ड वाच की बजाय जल्द ही निर्णय करना चाहिए। हालांकि श्री सिंह के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में हमकदम बन कर चल रहे अरुण यादव और अजय सिंह की जोड़ी को गहरा झटका लगा है।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह से जब यह पूछा गया कि उन्होंने कमलनाथ को ही क्यों प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए योग्य चेहरा माना है तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि इसके लिए किसी को स्पष्टीकरण देने की जरूरत नहीं है। हालांकि श्री सिंह के इस बयान से 9 अप्रैल को होने वाले उनके कथित शक्तिप्रदर्शन पर भी लोगों की निगाह लगी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर होने वाले नर्मदा परिक्रमा के समापन समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ के अलावा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव सहित कई दिग्गज नेता एक साथ शिरकत कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ के पक्ष में दिग्विजय के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस में जमकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सत्ता वापसी के लिए दिग्विजय सिंह नर्मदा परिक्रमा के समापन के बाद पार्टी से नाराज चल रहे नेता-कार्यकर्ताओं को मुख्य धारा में लाने के लिए नए सिरे से पूरे प्रदेश का भ्रमण करेंगे। इधर प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस न्याय यात्रा निकाल रही है।
उदयपुरा की बेटी प्रीति रघुवंशी को न्याय दिलाने के लिए यात्रा का पहला चरण है। यह बात आज सुबह सलामतपुर में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने न्याय यात्रा के दौरान आयोजित सभा में की। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की पहले चरण की न्याय यात्रा आज रायसेन से रवाना होकर सलामतपुर पहुंची। यह यात्रा दीवानगंज, बालमपुरी, सूखीसेवनिया, करोद होती हुई लालघाटी पहुंचेगी। लालघाटी से नेताद्वय अजय सिंह और अरुण यादव के नेतृत्व में पैदल यात्रा निकाली जाएगी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



