रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने करगिल विजय की बीसवीं वर्षगांठ के समारोह के तहत आज यहां विजय मशाल प्रज्जवलित कर इसे जम्मू कश्मीर में द्रास स्थित करगिल युद्ध स्मारक के लिए रवाना किया।
श्री सिंह शाम को इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे और अनंत ज्योति से विजय मशाल को प्रज्जवलित कर सेना के उन 11 रणबांकुरों को सौंपा जो मशाल को करगिल युद्ध स्मारक ले जायेंगे जहां वह वहां प्रज्जवलित मशाल में विलीन हो जायेगी।
इससे पहले रक्षा मंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर रक्षा सचिव संजय मित्रा, सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत और सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
विजय मशाल राजपथ से होते हुए पहले राष्ट्रपति भवन के प्रांगण तक जायेगी और वहां से उसे 11 शहरों और कस्बों से होते हुए 26 जुलाई को द्रास ले जाया जायेगा। सेना के रिले धावक जब मशाल को लेकर दौड़ रहे थे तो राजपथ के दोनों ओर बड़ संख्या में खड़ लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर उनका अभिवादन किया। आगामी 27 जुलाई को यहां राजधानी में एक भव्य समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जायेगी।
26 जुलाई को हर वर्ष करगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। बीस वर्ष पहले पाकिस्तानी घुसपैठियों को करगिल सहित कई अन्य चोटियों से खदेड़ने और भारत की विजय के रूप में इस दिन को मनाया जाता है।
लगभग दो महीने तक चला यह अभियान 26 जुलाई को पूरा हुआ था और इन चोटियों पर तिरंगा लहराया गया था। इस अभियान में भारत के रणबांकुरों ने देश पर अपने प्राणों को न्यौच्छावर किया था।


Download Android App
Download iOS App



