कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार के अपना उम्मीदवार घोषित किया। कांग्रेस पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उम्मीदवारी के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री खड़गे के नाम को स्वीकृति प्रदान की।
खड़गे पिछली लोकसभा में कांग्रेस के सदन में नेता थे। वह 2019 में लोकसभा चुनाव हार गए थे। कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों के लिए 19 जून को चुनाव होना है। कांग्रेस के दो मौजूदा राज्यसभा सदस्यों एमवी राजीव गौड़ा और बीके हरिप्रसाद का कार्यकाल इस महीने के आखिर में पूरा हो रहा है।
राज्य विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के आधार पर कांग्रेस को चार में से सिर्फ एक सीट मिलती दिख रही हैं। भाजपा के खाते में दो सीटें जाना तय माना जा रहा है। ऐसे में चौथी सीट के लिए चुनाव की संभावना है। अगर कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) साझा उम्मीदवार खड़ा करते हैं तो चौथी सीटें उनके खाते में आ सकती है।


Download Android App
Download iOS App



