कर्नाटक में जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन के 14 बागी विधायक सोमवार को मुंबई छोड़ गोवा के लिये रवाना हो गए। कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अब सबकी निगाहें गोवा पर टिक गई हैं। सूत्रों ने कहा कांग्रेस के 10, जद (एस) के दो और दो निर्दलीय विधायक शाम के समय गोवा के लिये रवाना हो गए। उनके साथ मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहित भारतीय भी हैं।
सूत्रों ने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा के विधायक प्रसाद लाड ने कहा कि 14 विधायक उपनगरीय बांद्रा के एक आलीशान होटल से शाम पांच बजे रवाना हो गए। उनके गोवा में एक रिजॉर्ट में रुकने की संभावना है। गौरतलब है कि 12 विधायक शनिवार शाम जबकि दो विधायक सोमवार को मुंबई पहुंचे थे।
कर्नाटक की एक साल पुरानी कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार पर इन विधायकों के इस्तीफा देने के बाद संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कर्नाटक विधानसभा में एक मनोनीत विधायक समेत 225 सदस्य हैं। विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 113 है। विधायकों द्वारा इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू होने से पहले विधानसभा में कांग्रेस के 78, जद (एस) के 37 विधायक थे। कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन 119 विधायकों के समर्थन से सरकार चला रहा है।


Download Android App
Download iOS App



