युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुंबई के उस होटल के बाहर प्रदर्शन किया, जहां कर्नाटक के कांग्रेस-जदएस गठबंधन के बागी विधायक ठहरे हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कर्नाटक में कांग्रेस-जदएस गठबंधन संकट के लिये जिम्मेदार ठहराया।
गौरतलब है कि जदएस-कांग्रेस गठबंधन के दस विधायक शनिवार रात कर्नाटक में विधानसभा अध्यक्ष को इ्स्तीफा सौंपकर मुंबई आ गए थे। इसके बाद एक निर्दलीय विधायक भी विधानसभा की सदस्यता और मंत्री पद से इस्तीफा देकर सोमवार को मुम्बई के उसी होटल पहुंचे, जहां दस विधायक ठहरे हुए हैं।
युवा कांग्रेस के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और विधायकों से इस्तीफा लेने की मांग की। प्रदर्शनकारी दो घोड़ा-गाड़ियां लेकर होटल के बाहर पहुंचे और कर्नाटक में विपक्षी दल भाजपा पर विधायकों की ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (खरीद-फरोख्त) का आरोप लगाया। प्रदर्शन की अगुवाई अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और मुंबई युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश यादव ने की।


Download Android App
Download iOS App



