करणी सेना ने एएमयू में होली खेलने का किया ऐलान, पीएम मोदी के नाम सौंपा ज्ञापन

Summary :

एएमयू में होली खेलने की अनुमति की मांग को लेकर करणी सेना का ज्ञापन

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में हिंदू छात्रों को होली मनाने की अनुमति न मिलने पर अखिल भारतीय करणी सेना ने कड़ा रुख अपनाया है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करणी सेना के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें हिंदू छात्रों को उनके धार्मिक अधिकार दिए जाने की मांग की गई।

इस दौरान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि अगर एएमयू प्रशासन होली मनाने की अनुमति नहीं देता है, तो 10 मार्च को रंग भरनी एकादशी के दिन करणी सेना के कार्यकर्ता खुद एएमयू के अंदर जाकर हिंदू छात्रों के साथ होली खेलेंगे और होली मिलन समारोह का आयोजन करेंगे। उनका कहना है कि हिंदू-मुस्लिम छात्रों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने कहा, “हम ऐलान करते हैं कि अगर एएमयू प्रशासन होली की अनुमति नहीं देता, तो हम 10 मार्च को खुद वहां जाकर हिंदू छात्रों के साथ होली खेलेंगे और समारोह आयोजित करेंगे।” उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एएमयू को मिनी इंडिया कहकर संबोधित किया है, फिर भी वहां होली खेलने की अनुमति नहीं मिलना दुर्भाग्य की बात है। कहा कि परिसर में अन्य त्योहारों की अनुमति होती है तो फिर होली खेलने की अनुमति क्यों नहीं मिलनी चाहिए। बता दें कि प्रशासन की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है और यह मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.