Uttar Pradesh: कौशांबी से बब्बर खालसा आतंकी गिरफ्तार, ISI से जुड़े तार

Summary :

UP STF और पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, आतंकी को गिरफ्तार किया

उत्तर प्रदेश के कौशांबी से बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आईएसआई मॉड्यूल के सक्रिय आतंकी को गिरफ्तार किया गया है। आतंकी का नाम लाजर मसीह बताया जा रहा है। उसे यूपीएसटीएफ और पंजाब पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किया है।

आतंकी की गिरफ्तारी कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से हुई है। बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आईएसआई मॉड्यूल के सक्रिय आतंकवादी लाजर मसीह पुत्र कुलविंदर पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है। उसका परिवार गांव कुरलियान पोस्ट-माकोवल, थाना रामदास में रहता है। आतंकी की गिरफ्तारी गुरुवार सुबह लगभग 3:20 बजे हुई है। गिरफ्तारी अभियान कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में किया गया।

Sambhal हिंसा के बाद सुरक्षा कड़ी, 38 नई Check Post से निगरानी

पता चला है कि आतंकी बब्बर खालसा इंटरनेशनल के जर्मन-आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता है। इतना ही नहीं, आतंकी के पाकिस्तान के आईएसआई के साथ संपर्क का भी खुलासा हुआ है।

आतंकी के पास से तीन हैंड ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, एक विदेशी पिस्टल समेत दो हथियार बरामद हुए हैं। साथ ही विदेश निर्मित सफेद विस्फोटक भी बरामद किया गया है। इसके अलावा उसके पास से गाजियाबाद के पते का आधार कार्ड और बिना सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यूपी विशेष कार्य बल, कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि उसे कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान में सुबह करीब 3:20 बजे गिरफ्तार किया गया।

बता दें कि 24 सितंबर 2024 को आतंकी पंजाब पुलिस की हिरासत से फरार हुआ था। यूपी एटीएस और पंजाब पुलिस के इस ज्वाइंट ऑपरेशन को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल आतंकी से पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.