किसानों का अपमान करने वाले भाजपा सांसद पर एफआईआर दर्ज हो: धर्मेंद्र सिंह चौहान

Summary :

भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा से सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों पर की गई टिप्पणी पर प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सख्त आपत्ति जताई है। साथ ही भाजपा सांसद के खिलाफ फिर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा अन्नदाता किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला बताकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और देश के करोड़ों किसानों का अपमान है। किसान कांग्रेस इस अपमान को…

भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रीवा से सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों पर की गई टिप्पणी पर प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सख्त आपत्ति जताई है। साथ ही भाजपा सांसद के खिलाफ फिर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा अन्नदाता किसानों को नशेड़ी, गांजा पीने वाला और चिलम फूंकने वाला बताकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और देश के करोड़ों किसानों का अपमान है। किसान कांग्रेस इस अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यह केवल किसानों का नहीं, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और अन्नदाता की मेहनत का अपमान है।

चौहान ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार किसान कल्याण वर्ष मनाने तथा किसानों के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के सांसद किसानों को नशेड़ी और चिलम फूंकने वाला बताकर उनका सार्वजनिक अपमान कर रहे हैं। भाजपा का यह दोहरा चरित्र अब प्रदेश की जनता के सामने उजागर हो चुका है।

उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात खेतों में पसीना बहाकर देश का पेट भरता है। भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड और बारिश की परवाह किए बिना किसान अपनी फसल तैयार करता है। किसान का बेटा देश की सीमाओं पर तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा करता है। ऐसे अन्नदाता के प्रति इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने पहले ही किसानों को आर्थिक संकट में डाल रखा है। महंगी खाद, बीज, डीजल, बिजली और खेती की बढ़ती लागत से किसान परेशान हैं। फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। छोटे और सीमांत किसानों के सामने खेती जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय भाजपा के जनप्रतिनिधि उनका अपमान करने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस प्रदेशभर में सांसद जनार्दन मिश्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। तहसील स्तर पर पुतला दहन कर भाजपा के इस किसान विरोधी रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। भाजपा सांसद मिश्रा के खिलाफ किसानों के अपमानजनक बयान को लेकर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कानून के अनुसार कार्रवाई हो।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.