Pahalgam Terror Attack पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जताई चिंता, अमित शाह से की बात

Summary :

Pahalgam हमले पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया, अमित शाह से चर्चा

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर राहुल गांधी ने गहरी चिंता जताई और अमित शाह से बात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सहायता और न्याय का भरोसा दिलाया। राहुल गांधी ने इस हमले को निंदनीय बताते हुए कहा कि आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस घटना के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक कर्रा से बात की। राहुल गांधी ने इस हमले को निंदनीय बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव सहायता और न्याय का भरोसा दिलाया। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बारे में बात की। स्थिति पर अपडेट प्राप्त किया। पीड़ितों के परिवार न्याय और हमारे पूर्ण समर्थन के हकदार हैं।”

पहलगाम आतंकी हमले का कड़ा जवाब देना चाहिए: अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

इससे पहले मंगलवार को एक एक्स पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की खबर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए, ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं।”

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन पर मंगलवार को आतंकियों ने हमला किया था। हमले में दो विदेशी समेत कम से कम 16 पर्यटकों की मौत हो गई और 20 अन्य पर्यटक एवं स्थानीय लोग घायल हो गए। हालांकि, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। विश्वभर के शीर्ष नेताओं ने इस हमले की निंदा की है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली में मौजूद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ मंगलवार रात करीब 8.20 बजे श्रीनगर पहुंचे और उन्हें उपराज्यपाल, डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकवादी घटना के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इसके बाद गृह मंत्री उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के लिए राजभवन गए। वह श्रीनगर के अस्पताल में घायल पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भी मिलेंगे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.