Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 12 राज्यों की 88 संसदीय सीट के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। राष्ट्रपति की ओर से निर्वाचन आयोग ने 26 अप्रैल को होने वाले संसदीय चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना बृहस्पतिवार सुबह जारी की। इस चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है। जम्मू-कश्मीर को छोड़कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नामांकन पत्रों की जांच पांच अप्रैल को की जाएगी। जम्मू-कश्मीर में नामांकन पत्रों की जांच छह अप्रैल को होगी।
- दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई
- दूसरे चरण में 12 राज्यों की 88 संसदीय सीट के लिए नामांकन दाखिल होगा
- इस चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है
मणिपुर क्षेत्र के एक हिस्से में भी होगा मतदान
इस चरण के दौरान बाहरी मणिपुर लोकसभा क्षेत्र के एक हिस्से में भी मतदान होगा। बाहरी मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव की अधिसूचना 20 मार्च को पहले चरण के लिए जारी गजट अधिसूचना में शामिल की गई थी। बाहरी मणिपुर लोकसभा सीट के तहत आने वाले 15 विधानसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा जबकि इस सीट के तहत आने वाले 13 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
कई सीटों पर होगा दूसरे चरण में मतदान
इसके अलावा, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कई सीट पर दूसरे चरण में मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App





