Indore में 14 लाख रुपये की नकदी से भरा पार्सल लूटने के आरोप में दो पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। यह पार्सल एक यात्री बस के जरिये अहमदाबाद भेजा रहा था। पुलिस उपायुक्त अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि चंदन नगर पुलिस थाने में तैनात पुलिस कांस्टेबल-योगेश और दीपक को भारतीय दंड विधान की धारा 392 (लूट) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
- इंदौर में 14 लाख रुपये लूटने के आरोप में दो पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया
- यह पार्सल एक यात्री बस के जरिये अहमदाबाद भेजा रहा था
- पुलिस कांस्टेबल-योगेश और दीपक को धारा 392 के तहत गिरफ्तार किया गया है
- पार्सल नहीं पहुंचने पर कारोबारी ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था
नकदी से भरे पार्सल को जबरन ले गए आरोपी
उन्होंने बताया कि स्थानीय कारोबारी अंकित जैन ने 14 लाख रुपये की नकदी से भरा पार्सल 23 दिसंबर को एक निजी ट्रैवल्स की बस के जरिये अहमदाबाद के किसी कन्हैयालाल को भिजवाया था, लेकिन इस व्यक्ति तक पार्सल नहीं पहुंचने पर कारोबारी ने बस चालक नरेंद्र तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया था। विश्वकर्मा ने बताया, बस चालक और अन्य लोगों से पूछताछ पर पता चला कि दोनों पुलिस कांस्टेबल ने बस रुकवाई और वे नकदी से भरे पार्सल को जबरन अपने साथ ले गए।
मिठाई बताकर भिजवाया था पार्सल
पुलिस कांस्टेबल ने बस से इस पार्सल को जब्त किए जाने का न तो पंचनामा बनाया, न ही पार्सल का कोई ब्योरा पुलिस थाने के रिकॉर्ड में दर्ज किया। उन्होंने बताया कि लूट की 14 लाख रुपये की नकदी पुलिस कांस्टेबल से अब तक बरामद नहीं की जा सकी है। पुलिस उपायुक्त ने यह भी बताया कि कारोबारी जैन ने निजी ट्रैवल्स के कर्मचारियों को यह बताकर अहमदाबाद के लिए पार्सल भिजवाया था कि इसमें मिठाई रखी है। उन्होंने बताया कि दूसरे प्रदेश में पार्सल के जरिये नकदी भेजे जाने के बारे में आयकर विभाग को सूचना दी जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि यह राशि कहीं हवाला कारोबार से तो नहीं जुड़ी थी।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



