LPG Crises Rumours : देश के अलग-अलग हिस्सों से गैस सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी वीडियो तैर रही हैं जहां लोग सिलेंडर लिए लंबी कतारों में खड़े हैं। आम लोग ही नहीं, दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी कमर्शल गैस सिलिंडर की आपूर्ति लगभग ठप होने की बात कही जा रही है।
कुछ राज्यों में कमर्शल गैस सिलिंडर की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके चलते होटल और रेस्तरां कारोबार पर असर पड़ रहा है। कई जगहों पर रसोई चलाने के लिए तंदूर, चूल्हे और स्टोव जैसे विकल्पों का सहारा लिया जा रहा है।
इस स्थिति के पीछे पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव को कारण बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि strait of hormuz से आने वाली गैस सप्लाई प्रभावित होने से यह समस्या पैदा हुई है।
LPG Cylinder Crisis: सिलिंडर बुकिंग को लेकर अफवाहों से मची अफरा-तफरी

गैस सप्लाई को लेकर अफवाहें फैलने के बाद कई जगहों पर लोगों ने जल्दबाजी में सिलिंडर बुक कराना शुरू कर दिया। कुछ घरों में बिना जरूरत के सिलेंडर बुक किए गए। ग्राहकों ने शिकायत की कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के फोन नंबरों पर कॉल करना मुश्किल हो रहा है और लाइन लगातार व्यस्त मिल रही है।
इस पर सरकार ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य प्रक्रिया के तहत बुकिंग के लगभग ढाई दिन के भीतर कर दी जाती है। इसलिए लोगों को घबराकर अतिरिक्त बुकिंग कराने की जरूरत नहीं है।
LPG Crises Rumours : जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के निर्देश

बुधवार को केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ बैठक की। इस बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गैस सिलिंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी किसी भी हालत में न होने दी जाए।
इसके अलावा सरकार ने तेल एवं गैस मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और शिपिंग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग भी आयोजित की, ताकि स्थिति की निगरानी की जा सके और लोगों को सही जानकारी दी जा सके।
Also Read: ‘सप्लाई जल्द होगी सामान्य…’, LPG संकट के बीच राहत की खबर! भारत पहुंच रही गैस की बड़ी खेप
LPG Crisis: गैस की कमी से जूझ रहे रेस्टोरेंट कारोबार

दिल्ली में रेस्तरां व्यवसाय से जुड़े संगठनों के मुताबिक कमर्शल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बाधित होने से कई होटल और रेस्तरां संकट का सामना कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अधिकांश प्रतिष्ठानों के पास सिर्फ एक-दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। सूत्रों के अनुसार पहाड़गंज और करोल बाग इलाके में कुछ रेस्टोरेंट अस्थायी रूप से बंद भी किए गए हैं।
‘दिल्ली में सप्लाई पूरी तरह सामान्य’
दिल्ली सरकार ने कहा है कि राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है और किसी भी तरह की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी अफवाहों पर भरोसा न करें और अनावश्यक रूप से गैस जमा करने से बचें।
बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और तेल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
घरेलू PNG और CNG को प्राथमिकता देने के निर्देश
बैठक के दौरान इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च 2026 को एक आदेश जारी किया है। इसमें घरेलू PNG और CNG की आपूर्ति को प्राथमिकता देने और उनके समान वितरण को सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में घरेलू PNG की कोई कमी नहीं है। प्राथमिकताओं के पुनर्निर्धारण के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 50 प्रतिशत तक गैस सप्लाई को नियमित किया गया है।
यह भी पढ़ें – ठंडा पड़ा चूल्हा, खाली हुई थाली: LPG गैस की किल्लत से रेस्टोरेंट्स में हाहाकार, विपक्ष ने किया विरोध प्रदर्शन


Download Android App
Download iOS App




