मुरैना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस से हुई मुठभेड़ में 60 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर घायल हो गया। घायल डकैत का इलाज अस्पताल में जारी है। उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि कल्ली गुर्जर वीडियो बनाकर लोगों को धमकी देता था और वसूली भी करता था। पुलिस को लंबे अरसे से उसकी तलाश थी। यही कारण है कि उसे पर अब तक 60 हजार रुपए का इनाम घोषित किया जा चुका है।
इसका आतंक मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान के भी कई इलाकों में रहा है। बताया गया है कि पुलिस की कई टीमें डकैत गुर्जर की तलाश में लगी हुई थीं और लगभग 200 जवान विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। पुलिस को सूचना मिली कि डकैत गुर्जर बानमोर के जंगल में है। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर उस पहाड़ी को घेर लिया, जहां डकैत गुर्जर अपने साथियों के साथ था।
पुलिस के आने पर डकैत ने फायरिंग कर दी तो जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। इस फायरिंग के दौरान डकैत गुर्जर के बाएं पैर में गोली लगी है और पुलिस ने उसे दबोच लिया। डकैत गुर्जर के एक साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल डकैत को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। डकैत गुर्जर पर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में अपहरण, फिरौती, हत्या के प्रयास सहित अनेक मामले दर्ज हैं। पुलिस को इसकी लंबे अरसे से तलाश थी।
गुरुवार को डकैत से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह घायल हो गया। वर्तमान में कल्ली गुर्जर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था, जिसे गुरुवार को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
–आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



