महाराष्ट्र में दो सड़क हादसे: कहीं 4 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, तो कहीं पिकअप और ट्रक की टक्कर में 8 की मौत

Summary :

भंडारा जिले के डिंपलगांव सड़क पर भाऊ ढाबा के पास एक ट्रक और पिकअप वैन की आपस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के वक्त वाहन की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं।

Maharashtra accident News : महाराष्ट्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर धयारी पुल के पास हुआ, जहां सतारा की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ मुंबई से सतारा जा रही लेन में घुस गए और दो कारों से टकरा गए।

हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से इलाज के दौरान हृदयनाथ मोहन गायकवाड़ और आनंदीबाई रामचंद्र वाडकर ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा हादसा भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुआ।

पुणे हादसा: 4 वाहन क्षतिग्रस्त, ट्रक मालिक हिरासत में

अम्बेगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक शरद आंबेगावे के अनुसार, दुर्घटना जांभुलवाड़ी में लक्ष्मी लॉज के सामने हुई। घायलों को इलाज के लिए भारती अस्पताल, मोरया अस्पताल, सिल्वर बिर्च अस्पताल और श्रेयस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर ट्रक मालिक संदीप गोरख सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। वहीं चालक प्रमोद विट्ठल वाघ के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

3 मासूमों समेत 8 की मौत

उधर, भंडारा जिले के डिंपलगांव सड़क पर भाऊ ढाबा के पास एक ट्रक और पिकअप वैन की आपस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के वक्त वाहन की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में घायल 3 अन्य लोगों को इलाज के लिए साकोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें – चेन्नई में बुखार और डेंगू के मामलों में तेज बढ़ोतरी, डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की दी सलाह

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।