कर्नाटक में सूदखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, छह लोग गिरफ्तार

Summary :

सूदखोरी के आरोप में यल्लप्पा मिस्किन समेत छह लोग गिरफ्तार

कर्नाटक के गडक में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक घर से करीब पांच करोड़ रुपये की नकदी और 992 ग्राम सोना बरामद किया है। बताया जा रहा है कि कर्नाटक पुलिस ने सूद पर पैसे लगाने वाले यल्लप्पा मिस्किन के घर छापा मारा था। छापेमारी में चार करोड़ 90 लाख, 98 हजार रुपये की नगदी जब्त की गई है। इसके अलावा 992 ग्राम सोना भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने सूदखोरी करने वाले यल्लप्पा मिस्किन समेत छह लोगों को भी गिरफ्तार किया है। गडक के एसपी बी.एस. नेमागौड़ा ने बताया कि पुलिस ने दो दिन में 13 जगहों पर छापेमारी की थी। इसी कार्रवाई के दौरान नकदी और सोना जब्त किया गया है। इसके अलावा कई दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। एसपी बी.एस. नेमागौड़ा के अनुसार, पुलिस ने 650 बॉन्ड, चार बैंक एटीएम, बैंक के नौ पासबुक और दो एलआईसी बॉन्ड समेत अवैध रूप से रखी गई 65 लीटर शराब जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, यल्लप्पा मिस्किन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने यल्लप्पा से 1.90 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था और उसके बदले में 1.4 करोड़ रुपये चुका भी दिए। सिर्फ 50 लाख रुपये की राशि देनी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि काफी कर्ज चुकाने के बाद भी यल्लप्पा ने उसे धमकी दी और उसकी कुछ प्रॉपर्टी अपने नाम भी करा ली। साथ ही आरोपी ने शिकायतकर्ता की तरफ से दिए गए बैंक चेक और वित्तीय बॉन्ड का दुरुपयोग करके उसे परेशान भी किया, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.