PM नरेंद्र मोदी ने विश्व रेडियो दिवस पर की सराहना, रेडियो को बताया प्रेरणादायक

Summary :

रेडियो दिवस पर पीएम मोदी ने रेडियो की ताकत और महत्व को सराहा

देश भर में हर साल 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि रेडियो लोगों के लिए एक अमूल्य जीवन रेखा बन चुका है। यह लोगों को सूचित करने से लेकर उन्हें जोड़ने का काम करता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “विश्व रेडियो दिवस की बधाई! रेडियो कई लोगों के लिए एक कालातीत जीवन रेखा रहा है – लोगों को सूचित करना, प्रेरित करना और जोड़ना। समाचार और संस्कृति से लेकर संगीत और कहानी कहने तक, यह एक शक्तिशाली माध्यम है जो रचनात्मकता का जश्न मनाता है।

पीएम मोदी ने रेडियो के महत्व पर आगे लिखा, “मैं रेडियो की दुनिया से जुड़े सभी लोगों की सराहना करता हूं। मैं आप सभी को इस महीने के मन की बात के लिए अपने विचार और इनपुट साझा करने के लिए आमंत्रित करता हूं, जो 23 तारीख को होगा।”उल्लेखनीय है कि हर साल 12 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस के रूप में मनाया जाता है। रेडियो के महत्व और इसके द्वारा समाज में फैलाई गई जानकारी, शिक्षा और मनोरंजन की भूमिका को पहचानने के लिए इस दिवस को मनाया जाता है। दुनिया भर में लोगों को जोड़ने और उन्हें जानकारी प्रदान करने में रेडियो एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

रेडियो के इतिहास पर अगर हम नजर डालें तो भारत में इसकी शुरुआत 1924 से हुई थी। इसके बाद साल 1936 में ऑल इंडिया रेडियो बना और फिर 1957 में इसका नाम बदलकर आकाशवाणी कर दिया गया। भारत की आजादी की लड़ाई में भी रेडियो एक अहम हिस्सा रहा है। रेडियो की ताकत को समझते हुए पीएम मोदी हर महीने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश को संबोधित करते हैं, क्योंकि रेडियो की पहुंच देश के हर कोने में है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.