Odisha Medical PG Paper Leak : देशभर में नीट पेपर का मामला थम नहीं रहा कि अलग अलग राज्यों से पेपर लीक से जुड़े मामले और उन पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कर्नाटक पंजाब के बाद अब ओडिशा में आयोजित हो रही मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) परीक्षा के दौरान जनरल सर्जरी एमडी/एमएस का प्रश्नपत्र एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर शेयर होने का मामला सामने आया है।
2023–26 बैच के दूसरे पेपर की तस्वीरें परीक्षा चलने के दौरान ही बाहर आ गईं, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने तत्काल अधिकारियों के साथ आपात बैठक की और घटना की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह पारंपरिक पेपर लीक नहीं, बल्कि परीक्षा कक्ष से प्रश्नपत्र बाहर भेजने की गड़बड़ी है।
भुवनेश्वर के निजी कॉलेज में मिला पर्चा
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब भुवनेश्वर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के छात्र के पास परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र की तस्वीरें पाई गईं। छात्र ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी और बताया कि यह कंटेंट उसे ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के छात्रों द्वारा बनाए गए एक व्हाट्सऐप ग्रुप से प्राप्त हुआ था। आरोप है कि कुछ मोबाइल नंबरों से प्रश्नों के जवाब भी प्रसारित किए जा रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मानस रंजन साहू ने परीक्षा आयोजित करा रहे सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें 1 और 5 अगस्त को होने वाले बाकी दो थ्योरी पेपरों के लिए सुरक्षा कड़े करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों का दावा
एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के डीन-सह-प्राचार्य डॉ. हरेकृष्ण दलई ने बताया कि इसे तकनीकी रूप से ‘पेपर लीक’ नहीं कहा जा सकता। अगर परीक्षा शुरू होने से पहले पर्चा बाहर आ जाता, तो वह लीक कहलाता; लेकिन इस मामले में प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के बाद हॉल के भीतर से बाहर भेजा गया है।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, परीक्षा हॉल में कड़ी चेकिंग और मोबाइल बैन के बावजूद यह घटना होना चिंताजनक है। इस बात की जांच की जा रही है कि छात्रों ने किस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या हिडन कैमरे का इस्तेमाल किया और वह गैजेट सुरक्षा घेरे को तोड़कर अंदर कैसे पहुंचा। फिलहाल एमकेसीजी कॉलेज में कुल 154 छात्र यह परीक्षा दे रहे हैं और दोषी का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें – Bhiwandi Building Collapsed: महाराष्ट्र के भिवंडी में भरभराकर गिरी इमारत, 9 लोगों की मौत, मलबे में फंसे कई लोग


Download Android App
Download iOS App




