Mani Shankar Aiyar Statement: युद्ध का दौर नहीं है, फिर पाकिस्तान पर हमला क्यों? कांग्रेस नेता ने भारत को लेकर कसा तंज, BJP ने किया पलटवार

Summary :

Mani Shankar Aiyar Statement: कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत की वकालत करते हुए अटारी-वाघा सीमा पर वार्ता का सुझाव दिया। उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल उठाए। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार करते हुए अय्यर पर पाकिस्तान जाकर मोदी सरकार के खिलाफ बयान देने और माहौल बनाने की कोशिश का आरोप लगाया।

Mani Shankar Aiyar Statement: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। अय्यर ने श्रीनगर में आयोजित पांचवें ‘हल्ला बोल’ सम्मेलन में भारत-पाकिस्तान के बीच बातचीत की जरूरत बताई थी। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और अय्यर पर निशाना साधते हुए कई सवाल खड़े किए। श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मणिशंकर अय्यर ने कहा था  कि भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहिए। उन्होंने अटारी-वाघा सीमा पर दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करने का सुझाव दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर ने कहा कि पुराने मुद्दों पर बार-बार बहस करना विदेश नीति नहीं हो सकती।  भारत को पड़ोसी देशों के साथ बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान तलाशना चाहिए। उन्होंने भारत की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए। अय्यर ने कहा कि दुनिया में भारत को लेकर यह धारणा बन रही है कि देश की नीति में दोहरापन है।

युद्ध का दौर नहीं है, फिर पाकिस्तान पर हमला क्यों?

मणिशंकर अय्यर ने कहा कि भारत की ओर से दुनिया को यह संदेश दिया जाता है कि मौजूदा समय युद्ध का नहीं है। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ सैन्य कार्रवाई भी होती है। उनका कहना था कि ऐसे हालात में भारत को अपनी विदेश नीति को लेकर स्पष्ट रुख अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं करने को लेकर भी सवाल उठाए। अय्यर के मुताबिक सरकार के पास सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदम उठाने की क्षमता है, लेकिन पड़ोसी देश के साथ लंबित मुद्दों को बातचीत से सुलझाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाई नहीं देती।

BJP ने मणिशंकर अय्यर पर किया पलटवार

अय्यर के बयान के बाद बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता पर जोरदार हमला बोला। पात्रा ने आरोप लगाया कि अय्यर पहले भी पाकिस्तान जाकर नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ बयान दे चुके हैं। संबित पात्रा ने कहा कि यह वही मणिशंकर अय्यर हैं, जो पहले पाकिस्तान गए थे और वहां मोदी सरकार को हटाने की बात कही थी। बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि अय्यर अब एक बार फिर पाकिस्तान जाकर इंटरव्यू देना चाहते हैं।

संबित पात्रा ने कहा कि मणिशंकर अय्यर भारत में होने वाले विरोध प्रदर्शनों और रैलियों से संतुष्ट नहीं हैं। बीजेपी का आरोप है कि अब वह पाकिस्तान में भी भारत सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश करना चाहते हैं। पात्रा ने कहा कि अय्यर के बयानों से ऐसा लगता है कि वह पाकिस्तान जाकर वहां भी भारत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और रैलियां करवाने की अपील करना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता के पाकिस्तान के साथ शांति वार्ता वाले बयान को इसी राजनीतिक सोच से जोड़कर देखा।

पाकिस्तान को लेकर कांग्रेस पर बीजेपी का हमला

बीजेपी ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की पाकिस्तान नीति से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और पड़ोसी देश से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं को बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

वहीं, मणिशंकर अय्यर का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है। उनके मुताबिक सिर्फ सैन्य कार्रवाई से सभी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

यह भी पढ़ें: ‘विद्यार्थियों की मांग नहीं मानी तो पूरा महाराष्ट्र बंद करेंगे,’ मनोज जरांगे पाटिल की सरकार को चेतावनी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।