मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरे होने पर अमित शाह, नड्डा सहित कई नेताओं ने दी बधाई

Summary :

गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा, “ऐतिहासिक उपलब्धि से परिपूर्ण एक साल पूरे करने के लिए आपको बधाई।”

 केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष आज यानि शनिवार को पूरा हो रहा है। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई दिग्गज नेताओं ने प्रधानमंत्री को बधाई दी है।

गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा, “ऐतिहासिक उपलब्धि से परिपूर्ण एक साल पूरे करने के लिए आपको बधाई।” साथ ही गृह मंत्री ने आशा जताई है कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ऐसे ही निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। अमित शाह ने कहा, “6 साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ने कई ऐतिहासिक फैसले कर भारत की छवि को सुधारा है। 6 साल में खाई को पार कर विकास के पथ पर अग्रसर एक आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी है।”

“इस दौरान गरीब कल्याण और निरन्तर समान्तर समन्वय की मिसाल कायम की गई है।” उन्होंने कहा है कि ईमानदारी नेतृत्व और अथक परिश्रम के प्रतिबिंब प्रधानमंत्री मोदी पर जनता का अटूट विश्वास है। शाह ने कहा, “ऐसे में दूसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनाने के लिए जनता का धन्यवाद।”

इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि “मैं पुनः करोड़ों- करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उनकी सरकार के कार्यकाल का एतिहासिक और अभूतपूर्व एक साल के पूर्ण होने पर अभिनंदन करता हूं । हम सभी भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ देश निर्माण में मोदी जी का साथ देंगे। 

वहीं स्मृति ईरानी ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी को बधाई दी। 

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि “भारत के आम जनमानस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दल दोनो की विश्‍वसनीयता को बढ़ाया है। भारत की राजनीति में विश्‍वसनीयता की दृष्टि से उनका अब तक का छह वर्षों का कार्यकाल एक मील का पत्‍थर है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई एवं आगे के लिए मैं अपनी शुभकामनाए देता हूं।

बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बीच मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने के अवसर पर पीएम मोदी ने देश की जनता को एक पत्र लिखा है।  

Desk Team