राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने बुधवार को केरल में फसल तैयार होने के अवसर पर मनाये जाने वाले त्योहार ओणम की बधाई दी। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर कहा, “ओणम पर भारत और विदेशों में रह रहे केरल के हमारे भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं एवं बधाइयां। फसल तैयार होने के अवसर पर मनाया जाने वाला यह त्योहार हम सभी के लिए असीम खुशियां और समृद्धि लेकर आता है।”

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि ओणम के शुभ अवसर पर देश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ओणम, केरल क्षेत्र के प्रसिद्ध पौराणिक राजा महाबली की स्मृति में मनाया जाता है जिनके आदर्श लोक कल्याणकारी शासन में राज्य में शांति और समृद्धि थी। दूसरे ट्वीट में नायडू ने कहा, “फूलों के इस रंगारंग पर्व के अवसर पर लोग अपने परिजनों और मित्रों के साथ पारंपरिक खेलों, संगीत और नृत्य के साथ सामुदायिक भोज में शामिल होते हैं।”


नायडू ने तीसरे ट्वीट में कहा, “ओणम समृद्धि, दया, करुणा, त्याग, निष्ठा और संतोष के उत्सव का पर्व है। ये ईश्वर की आस्था में अहंकार को समर्पित कर आत्मिक संतुष्टि प्राप्त करने का पर्व है। इस शुभ अवसर पर कामना करता हूं कि यह पर्व हमारे देश में शांति, सौहार्द, समृद्धि और सुख संतोष लाये।”

इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा, ‘‘ओणम के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि यह त्योहार हमारे समाज में खुशी, कल्याण और समृद्धि की भावना को आगे बढ़ाए।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर देशवासियों को ओणम की बधाई दी। उन्होंने कहा, “ओणम के शुभ अवसर पर, मैं दुनिया भर में हमारी बहनों और मलयाली समुदाय के भाइयों को हार्दिक बधाई देता हूं। इस त्योहार पर चारों ओर सुख, शांति और समृद्धि की वर्षा हो।”

वही, राहुल गांधी ने भी ओणम की बधाईयां दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि आप सभी को मेरी ओर से ओणम की शुभकामनाएँ! मई का यह त्यौहार सभी के लिए खुशियां लाए।

आपको बता दें कि ओणम राजा महाबली के स्वागत में प्रति वर्ष आयोजित किया जाता है जो दस दिन तक चलता है।


Download Android App
Download iOS App



