महाराष्ट्र राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटिल ने बुधवार को दावा किया कि सत्ताधारी भाजपा और शिवसेना से ‘‘कई’’ विधानसभा टिकट आकांक्षी उनके सम्पर्क में हैं।
पाटिल ने यद्यपि फिलहाल उनके नामों का खुलासा करने से इनकार कर दिया और राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा कथित रूप से अपनाये जा रहे ‘‘साम दाम दंड भेद’’ की राजनीति का उल्लेख किया जहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होना है।
राज्य के पूर्व मंत्री यहां दीक्षाभूमि में राकांपा के ‘शिव स्वराज्य यात्रा’ के मौके पर बोल रहे थे। ‘शिव स्वराज्य यात्रा’ विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दल द्वारा शुरू किया गया एक जनसम्पर्क कार्यक्रम है।
पाटिल ने एक सवाल के उत्तर में कहा,‘‘हमारी पार्टी से लोग भाजपा और शिवसेना में जा रहे हैं। यद्यपि उन पार्टियों के कई लोग जिन्होंने तीन से चार वर्ष तक तैयारी की है और चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे मेरे सम्पर्क में हैं।’’
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी गठबंधन से टिकट चाहने वालों के नामों का खुलासा सही समय पर किया जाएगा जो शरद पवार नीत पार्टी में शामिल होना चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



