मेगा जॉब फेयर में 20,226 युवाओं को मिला रोजगार, अगले साल हर जिले में लगेगा नियोजन मेला: सीएम सम्राट चौधरी

Summary :

पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में 115 से अधिक नियोक्ताओं की सहभागिता से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इनमें 3,940 युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिला, जबकि 476 युवाओं का चयन विदेश में रोजगार के लिए हुआ है। 36 दिव्यांगजनों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर के नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह का…

पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में 115 से अधिक नियोक्ताओं की सहभागिता से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

इनमें 3,940 युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिला, जबकि 476 युवाओं का चयन विदेश में रोजगार के लिए हुआ है। 36 दिव्यांगजनों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने मेगा जॉब फेयर के नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल का निरीक्षण किया और रोजगार के लिए पहुंचे युवक-युवतियों से बातचीत कर उनके करियर से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने एआई आधारित कियोस्क के माध्यम से युवाओं को करियर और रोजगार तलाशने में मिल रही सहायता की भी जानकारी ली।

सम्राट चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नियोक्ताओं को सम्मानित किया। चीन के शंघाई में होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के इंडिया स्किल विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान मेगा जॉब फेयर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन और लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से बिहार के प्रत्येक जिले में नियोजन मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ना है। सरकार चाहती है कि रोजगार के लिए बिहार के युवाओं को दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं रहे।

उन्होंने पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किए जाने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से अब तक 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जबकि कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 12 लाख युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ भाषा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे उन्हें विदेशों में रोजगार के अवसर हासिल करने में सुविधा हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव को सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशलयुक्त बनने और लगातार सीखते रहने का आह्वान किया।

इस मौके पर मानसिक बीमारी से स्वस्थ हुए लोगों के पुनर्वास, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के कौशल विकास तथा आजीविका संवर्द्धन के लिए प्रशिक्षण केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई अधिकारी, नियोक्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.