कोरोना से संक्रमित रोगियों को आयुष उपचार पद्धति से स्वस्थ करने की आयुष मंत्रालय ने पहल की है। इसके लिए आयुष मंत्रालय ने एक समर्पित सामुदायिक सहायता हेल्पलाइन शुरू की है। हेल्पलाइन से कोविड-19 की चुनौतियों के समाधान के लिए आयुष आधारित उपाय बताए जाएंगे। इसका टोल-फ्री नंबर 14443 है। यह हेल्पलाइन पूरे देश में शुरू हो गई है और सप्ताह के सातों दिन सुबह छह बजे से आधी रात बारह बजे तक खुली रहेगी।
हेल्पलाइन 14443 के जरिए आयुष की विभिन्न विधाओं, जैसे आयुर्वेद, होम्योपैथी, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी और सिद्ध के विशेषज्ञ, लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए उपलब्ध रहेंगे। ये विशेषज्ञ सिर्फ रोगी की काउंसलिंग और उपयोगी उपचार ही नहीं बताएंगे, बल्कि वे नजदीकी आयुष केंद्रों की जानकारी भी देंगे।
विशेषज्ञ कोविड-19 से उबरने वाले रोगियों को दोबारा रोजमर्रा के काम शुरू करने और अपनी देखभाल के बारे में सलाह देंगे। यह हेल्पलाइन इंटरऐक्टिव वॉइस रिस्पांस (आईवीआर) आधारित है और हिन्दी तथा अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। जल्द ही अन्य भाषाए भी इसमें जोड़ दी जाएंगी।
हेल्पलाइन एक बार में 100 कॉल्स ले सकती है। जरूरत को देखते हुए इसकी क्षमता बढ़ा दी जाएगी। हेल्पलाइन के जरिए आयुष मंत्रालय का प्रयास है कि देशभर में कोविड-19 के फैलाव को सीमित किया जाए। उसके इस प्रयास को गैर-सरकारी संस्था प्रोजेक्ट स्टेप-वन सहयोग कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



