अरब सागर में उठे खतरनाक चक्रवात ताउते ने देश के पश्चिमी तटों से सटे राज्यों में काफी तबाही मचाई है, जिसके चलते उन पर दोहरी मार पड़ी। इस तूफान से हुए नुकसान से उबरने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात को राहत पैकेज दिया। वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात ‘ताउते’ से प्रभावित गुजरात के लिए जिस तरह 1,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की, उसी तरह अन्य राज्यों की भी मदद करनी चाहिए।
पवार ने पुणे में संवाददाताओं से कहा, ‘‘चक्रवात गुजरात की ओर चला गया, लेकिन मुंबई के कुछ भाग, पालघर, ठाणे और कोंकण के जिले इससे प्रभावित हुए हैं और जिलाधिकारियों और प्रभारी मंत्रियों को नुकसान के आकलन के निर्देश दिए गए हैं।’’
पवार ने दावा किया कि आरंभिक कार्यक्रम के मुताबिक संभावना थी कि प्रधानमंत्री महाराष्ट्र आते और मुंबई का दौरा करने के बाद गुजरात जाते। पवार ने कहा कि लेकिन आखिरी समय में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया और वह सीधे गुजरात गए जहां उन्होंने हालात का आकलन करने के बाद तत्काल 1,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता पवार ने कहा, ‘‘जिस तरह गुजरात के लिए 1,000 करोड़ रुपये की घोषणा की गयी, उचित होगा कि अन्य राज्यों के लिए भी सहायता राशि की घोषणा की जाए। इन राज्यों के लोगों को भी लगेगा कि प्रधानमंत्री उनपर ध्यान दे रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



