पत्थलगांव : केन्द्रीय खनन, इस्पात राज्य मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आदिवासियों के बीच में पत्थरगढ़ आन्दोलन चला कर कुछ लोग उन्हें विकास से दूर करने की कुचेष्टा कर रहे हैं। ऐसे लोगों से गांव के भोले भाले लोगों को सचेत रहने की जरूरत है।
श्री साय आज यहां जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अन्तर्गत बच्छरांव गांव से सद्धभावना पदयात्रा की शुरूआत से पहले एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि जल जंगल जमीन की आड़ में पत्थरगढ़ आन्दोलन से आदिवासियों को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार ने पंचायती राज के तहत ग्रामसभा को पहले से ही भरपूर अधिकार दिए हैं। इन अधिकारों से गांव के लोग अपनी भलाई के कार्यो को स्वत: अनुमति देकर इसका क्रियान्वयन करा सकते हैं। इस दौरान सांसद रणविजय प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि जशपुर जिले में जल,जंगल और जमीन को सुरक्षित रखने के लिए 4 दशक से पहल की जा रही है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व.दिलीप सिंह जूदेव के इस कार्यक्रम को लगातार जारी रखा गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों पर कभी भी आंच नहीं आने दी जाएगी। केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित 20 कि.मी। की सद्धभावना पदयात्रा के दौरान 6 गांवों में जनसभा लेकर विकास का साथ देने की अपील की गई। इसमें जिले के सभी विधायक तथा अनेक जनप्रतिनिधि शामिल थे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



