कोलासिब, 12 सितंबर (आईएएनएस)। मिजोरम के कोलासिब जिले में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और तबाही की घटनाएं सामने आई हैं। शनिवार सुबह वैरेंगटे के जलेनवेंग इलाके में एक घर गिरने से 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई।
यह घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब भूस्खलन के कारण पू न्गामलालियाना और उनके बेटे लालह्लिमथांगा (स्वर्गीय) के घर मलबे की चपेट में आ गए। इन घरों में दो परिवार रहते थे।
घर गिरने के बाद लालरामनेइहा के 13 साल के बेटे जोडिनलियाना मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। घर गिरने की आवाज सुनकर कई लोग बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि तीन लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए वैरेंगटे अस्पताल ले जाया गया।
वैरेंगटे के डिंथार वेंग में एक और घटना में सड़क के किनारे हुए भूस्खलन से पू एफ. लालरिनपुइया का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अब वहां रहना सुरक्षित नहीं है।
भूस्खलन के कारण कई जगहों पर आवागमन में भी बाधा आई। साइफाई में सेरखान-बाघा सड़क का एक हिस्सा ढह गया, जबकि वैरेंगटे और बिलखाउथलिर के बीच की सड़क भूस्खलन के कारण बंद हो गई।
कोलासिब इलाके में रेंगते त्लांग सांग में भूस्खलन से सड़क बंद हो गई, जबकि अन्य जगहों पर भी कई छोटे-मोटे भूस्खलन की खबरें मिलीं। भारी बाढ़ के कारण कई मछली पालन वाले तालाबों को भी नुकसान पहुंचा।
इस बीच स्थानीय विधायक पू लालरिनसांगा राल्ते ने प्राकृतिक आपदाओं के बाद राहत और बचाव कार्यों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे सरकार के सामने यह मामला उठाएंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत मिल सके।
–आईएएनएस
एएसएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



