पणजी : गोवा महिला कांग्रेस प्रमुख प्रतिमा कौटिन्हो ने शुक्रवार को कहा कि जो कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं उन्होंने अपनी कब्र स्वयं खोद ली है।
गौरतलब है कि गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर समेत पार्टी के दस विधायकों ने बुधवार की रात पाला बदलते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था । इसके बाद गोवा के 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस की संख्या केवल पांच रह गयी है ।
कौटिन्हो ने बताया, ‘‘लोग आपको (पार्टी छोड़ कर जाने वालों) देख रहे हैं । आपने अपनी कब्र खोदी है । हम (कांग्रेस) यहां रहने के लिए हैं। विपक्ष के रूप में हम शर्मसार नहीं होने जा रहे हैं। हम अतीत में भी खड़े रहे थे ।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि दस विधायक अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं के लिए पार्टी से टूट कर अलग हुए हैं न कि राज्य के विकास के लिए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर उन्होंने राज्य के विकास के लिए पार्टी छोड़ी है तो इसका मतलब हुआ कि वह इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि भाजपा भेद भाव कर रही है और कांग्रेस को अपना काम नहीं करने दे रही है ।’’
महिला कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ कर उनके निर्वाचन क्षेत्र से जीत कर दिखायें ।’’


Download Android App
Download iOS App



