प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन( एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने चीन जाएंगे और इस दौरान‘‘ निश्चित रूप से’’ चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ उनकी द्विपक्षीय मुलाकात होगी। भारतीय राजदूत गौतम बंबावले ने आज यह जानकारी दी।
एससीओ चीन के दबदबे वाला एक सुरक्षा समूह है जिसे नाटो के समतुल्य के तौर पर देखा जा रहा है। इस साल9-10 जून को चीन के किंगदाओ शहर में एससीओ शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट को दिये एक साक्षात्कार में बंबावले ने कहा, ‘‘ इस( एससीओ) के दौरान निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच द्विपक्षीय मुलाकात होगी। और ऐसा होने से पहले हम कई और बैठकें करना चाहते हैं।’’
राजदूत ने कहा, ‘‘ अगले कुछ हफ्तों और महीनों में हम कई बैठकें करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सीमा अधिकारी भी बैठक करेंगे। बंबावले ने कहा, ‘‘ हम खरी और स्पष्ट चर्चा के लिये यह बैठक कर रहे हैं।’’
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में कहा था कि वह अगले महीने चीन का दौरा करेंगी। शिखर सम्मेलन से पहले एससीओ देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक भी होनी है। पिछले साल सिक्किम के डोकलाम इलाके में करीब दो महीने तक भारत और चीन के सैनिक गतिरोध की वजह से आमने- सामने थे। यह गतिरोध28 अगस्त को दूर हुआ था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



