कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था में कुप्रबंधन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद मोदी तथा वित्त मंत्री अरुण जेटली पर तीखा हमला बोलते हुए आज आरोप लगाया कि इनकी नीतियों से अर्थव्यवस्था में तेजी से गिरावट आ रही है और देश गंभीर आर्थिक संकट की तरफ बढ रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि यह ङ्क्षचता की बात है कि प्रधानमंत्री तथा वित्त मंत्री के आर्थिक कुप्रबंधन के कारण देश गहरे आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार अर्थव्यवस्था की हालत तथा इसमें सुधार के उपायों पर श्वेत पत्र लाये।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था भीषण मंदी की तरफ बढ़ रही है और निकट भविष्य में इसमें सुधार की गुंजाइश नजर नहीं आ रही। विकास के सभी बुनियादी मानक गिरावट पर हैं। देश का सकल घरेलू उत्पाद(जीडीपी) लगातार गिर रहा है। निवेश ऐतिहासिक गिरावट के स्तर पर आ गया है और औद्योगिक उत्पाद, विनिर्माण क्षेत्र तथा कारोबार ठप पड गये हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अर्थव्यवस्था की इस स्थिति के लिए मोदी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि नोटबंदी सहित अन्य कई फैसलों से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। जीएसटी को जिस तरह से लागू किया गया है उसने भी उद्योगों तथा छोटे करोबारियों के समक्ष संकट खड़ा किया है।
शर्मा ने कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए प्रधानमंत्री की तरफ से कोई पहल नहीं की गयी। इस मामले में वह अहंकारी बने हुए हैं और किसी की बात मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में देश की आर्थिक अथवा अन्य किसी भी स्थिति को लेकर जानकारी दी जानी चाहिए लेकिन मोदी सरकार लगातार इससे भागने का प्रयास करती रही है।


Download Android App
Download iOS App



