हैम्बर्ग : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि जलवायु परिवर्तन को लेकर हुए पेरिस समझौते की आम सहमति को लागू करना अनिवार्य है। उल्लेखनीय है कि कुछ ही सप्ताह पहले अमेरिका ने इस समझौते से बाहर होने का निर्णय किया था। मोदी ने साथ ही कहा कि भारत समझौते को (अक्षरश) लागू करेगा। मोदी ने यहां जी20 सम्मेलन के इतर ब्रिक्स नेताओं की बैठक में कहा कि जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद के मुद्दों पर ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, पेरिस समझौते में जो आमसहमति बनी थी उसे लागू करना अनिवार्य है। भारत समझौते को अक्षरश लागू करेगा।
मोदी की ओर से यह टिप्पणी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाल के उस बयान के बाद आयी है जिसमें घोषणा की गई थी कि अमेरिका पेरिस जलवायु समझौते से हट रहा है। ट्रंप ने कहा कि जिस समझौते पर 190 से अधिक देशों ने सहमति जतायी थी उसमें भारत और चीन जैसे देशों को अनुचित रूप से लाभ पहुंचाया गया। ट्रंप के निर्णय की अंतरराष्ट्रीय नेताओं, उद्योग समूहों और हरित कार्यकर्ताओं ने आलोचना की थी। जी20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ट्रंप भी हैम्बर्ग में हैं। मोदी ने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि अंतरराष्ट्रीय विथीय संगठन विश्व के वर्तमान आर्थिक संतुलनों को पूर्ण रूप से प्रतिबिंबित करें। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर लिखा, जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर ब्रिक्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। मोदी ने कहा, ब्रिक्स रेटिंग एजेंसी की जल्द स्थापना करना हमारा साझा प्रयास होगा।


Download Android App
Download iOS App



